गौतमबुद्धनगर में सोलर रूफटॉप लगाने की अपील, आरडब्ल्यूए और हाउसिंग सोसायटियों को मिलेगा 90 लाख तक अनुदान
गौतमबुद्धनगर: जनपद में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों से सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराने की अपील की है। “पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना” के तहत सरकार की ओर से बड़े स्तर पर अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रभारी परियोजना अधिकारी यूपीनेडा गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत आरडब्ल्यूए, ग्रुप हाउसिंग सोसायटी, हाईराइज भवन, शासकीय और अर्धशासकीय संस्थान, एडेड संस्थान, हाउसिंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स सहित ऐसे सभी भवन जिनका क्षेत्रफल 5 हजार वर्गमीटर या उससे अधिक है, वहां सोलर पावर प्लांट की स्थापना अनिवार्य की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसायटी और हाईराइज भवनों को 500 किलोवाट क्षमता तक सोलर प्लांट लगाने पर 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम 90 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।
सार्वजनिक सुविधाओं के लिए मिलेगी सब्सिडी
योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का उपयोग सोसायटी के सार्वजनिक उपयोग वाले क्षेत्रों में किया जा सकता है। इसमें स्ट्रीट लाइटिंग, वाटर पंपिंग, सोसायटी कार्यालय और साझा ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। आरडब्ल्यूए और ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के लिए पात्र क्षमता प्रति घर अधिकतम 3 किलोवाट निर्धारित की गई है।
उदाहरण देते हुए बताया गया कि यदि किसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में 50 घर हैं तो वह सामान्य क्षेत्र की निर्धारित क्षमता तक इस योजना का लाभ उठा सकता है। इसके साथ ही सोसायटी में रहने वाले लोग अपनी व्यक्तिगत छतों पर अलग से भी इस योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं।
सोसायटियों से आगे आने की अपील
प्रभारी परियोजना अधिकारी ने जनपद की सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों से अपील की है कि वे अपने परिसरों में विद्युत खपत के अनुरूप सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराएं और सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान का अधिकतम लाभ उठाएं।