15 साल की उम्र में गोविंदा को इंप्रेस करने के लिए सीखा खाना बनाना, सुनीता आहूजा का मजेदार खुलासा वायरल

0 34

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपनी मजेदार बातचीत और बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार सुनीता आहूजा का एक दिलचस्प खुलासा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि महज 15 साल की उम्र में उन्होंने सिर्फ गोविंदा को इंप्रेस करने के लिए खाना बनाना सीख लिया था।

दरअसल, शिल्पा शेट्टी के नए शो ‘मां है ना’ के प्रमोशन के दौरान सुनीता आहूजा अपनी बेटी टीना आहूजा के साथ नजर आईं। इसी दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें खाना बनाना पसंद है। इस सवाल पर सुनीता ने बेहद मजेदार अंदाज में जवाब दिया और अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़ा पुराना किस्सा साझा किया।

‘खाना बनाकर ही पति को पटाया’

सुनीता आहूजा ने हंसते हुए कहा, “खाना बना-बनाकर ही तो पति को पटाया है ना।” उन्होंने बताया कि वह 15 साल की उम्र से ही खाना बना रही हैं। सुनीता ने कहा कि गोविंदा को खाने का बहुत शौक था और यही वजह थी कि उन्होंने कम उम्र में ही कुकिंग सीखनी शुरू कर दी थी।

उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

बेटी टीना को लेकर भी कही बड़ी बात

अपनी कुकिंग स्किल्स पर बात करते हुए सुनीता आहूजा ने बेटी टीना आहूजा को लेकर भी खुलकर राय रखी। उन्होंने कहा कि समय आने पर हर इंसान सब कुछ सीख जाता है और बच्चों पर किसी तरह का दबाव नहीं डालना चाहिए।

सुनीता ने कहा कि बच्चों को अपनी जिंदगी अपनी मर्जी से जीने की आजादी मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि हर व्यक्ति अपने अनुभवों से बहुत कुछ सीखता है।

गुपचुप तरीके से की थी शादी

गोविंदा और सुनीता आहूजा की लव स्टोरी बॉलीवुड की चर्चित कहानियों में गिनी जाती है। जब दोनों ने डेटिंग शुरू की थी, तब गोविंदा करीब 21 साल के थे जबकि सुनीता सिर्फ 15 साल की थीं।

कुछ साल रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने मार्च 1987 में गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। उस दौर में गोविंदा का करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था और उनकी बड़ी महिला फैन फॉलोइंग थी। यही वजह रही कि अभिनेता ने लंबे समय तक अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया।

12 जून को रिलीज होगा शिल्पा शेट्टी का नया शो

शिल्पा शेट्टी द्वारा होस्ट किया जा रहा शो ‘मां है ना’ 12 जून 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम होगा। शो में टीना आहूजा कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आएंगी, जबकि सुनीता आहूजा भी उनके साथ दिखाई देंगी।

फिलहाल शो का रिलीज टाइम सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसे भारतीय समयानुसार रात 12 बजे के आसपास स्ट्रीम किया जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.