पटना: बिहार के बाढ़ जिले से बुधवार सुबह बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। उमानाथ गंगा घाट पर 14 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक गंगा नदी में डूब गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अब तक 2 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक सभी लोग सुबह-सुबह नाव के जरिए दियारा इलाके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित हो गई और देखते ही देखते पलट गई। नाव डूबने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंगा में बहने लगे।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से कुछ यात्रियों को तुरंत नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद घाट पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। बाढ़ की SDO गरिमा लोहिया और SDPO रामकृष्ण अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन, गोताखोरों और बचाव दल की टीमें लगातार गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक रेस्क्यू अभियान तेजी से जारी है।
सुबह-सुबह दियारा जा रहे थे लोग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग उमानाथ गंगा घाट से नाव पर सवार होकर दियारा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नदी के बीच में नाव का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।