योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, प्रयागराज सिटी मजिस्ट्रेट समेत 9 पीसीएस अफसरों के तबादले, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है। योगी सरकार ने गुरुवार देर शाम 9 पीसीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों और विभागों में नई तैनाती की है। इस सूची में प्रयागराज सिटी मजिस्ट्रेट, दो एसडीएम, दो अपर नगर आयुक्त, एक प्रधान प्रबंधक और एक मुख्य राजस्व अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा दो प्रतीक्षारत अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रयागराज से लेकर बलिया तक बदले अफसर
तबादला सूची के अनुसार प्रयागराज के सिटी मजिस्ट्रेट रहे विनोद कुमार सिंह को मिर्जापुर का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं मुरादाबाद में एसडीएम रहे विनय कुमार सिंह को प्रयागराज का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
बलिया में मुख्य राजस्व अधिकारी रहे सुरेश कुमार पाल को लखनऊ स्थित बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय में उप निदेशक के पद पर भेजा गया है। वहीं उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक रहे गुलशन को बलिया का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है।
नगर निकाय और प्रशासनिक विभागों में भी बदलाव
भदोही की एसडीएम रहीं बरखा सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। कानपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त रहीं अमृता सिंह को अमेठी में एडीएम (न्यायिक) के पद पर तैनात किया गया है।
वाराणसी नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को कानपुर नगर निगम का नया अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
प्रतीक्षारत अफसरों को भी मिली तैनाती
लंबे समय से प्रतीक्षारत चल रहे अविनाश कुमार गौतम को आजमगढ़ का एसडीएम नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक वर्मा को फर्रुखाबाद का एसडीएम बनाया गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश
राज्य सरकार की ओर से किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। लगातार हो रहे तबादलों से जिलों में प्रशासनिक कार्यों को गति देने और नई जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यप्रणाली सुधारने की कोशिश की जा रही है।