जनगणना-2027 ड्यूटी से इनकार करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी, एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

0 19

नोएडा : जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही और असहयोग का मामला सामने आया है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रगणक के रूप में नियुक्त किए गए कुछ कर्मचारियों द्वारा कार्यभार ग्रहण न करने और ड्यूटी लेने से इनकार करने पर अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इस संबंध में भारसाधन (चार्ज) अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने डीसीपी नोएडा को पत्र भेजकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

व्हाट्सएप पर भेजी गई थी ड्यूटी

पत्र में कहा गया है कि जनगणना-2027 का कार्य प्रगति पर है और सूची में शामिल कर्मचारियों को प्रगणक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बावजूद इसके, काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया।

प्रशासन की ओर से कर्मचारियों से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की गई। जिन कर्मचारियों के व्हाट्सएप सक्रिय थे, उन्हें ड्यूटी संबंधी दस्तावेज भी भेजे गए, लेकिन संबंधित कर्मचारियों ने दस्तावेज लेने से इनकार कर दिया।

राष्ट्रीय महत्व के कार्य में असहयोग का आरोप

प्राधिकरण ने इसे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के शासकीय कार्य में असहयोगात्मक रवैया बताया है। पत्र में कहा गया है कि नियुक्ति ग्रहण करने से इनकार करना जनगणना अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है।

इस मामले में संबंधित कर्मचारियों की सूची और उनके मोबाइल नंबर भी प्रशासन की ओर से पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।

विभागीय कार्रवाई के भी निर्देश

मामले की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी, बीएसए और डीआईओएस को भी भेजी गई है। साथ ही संबंधित विभागों को तत्काल विभागीय कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा थाना फेस-1 नोएडा को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.