गौतमबुद्धनगर : जनपद में आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा दो पालियों में जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने की। इस दौरान सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों के साथ परीक्षा तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समय से ड्यूटी स्थल पहुंचने के निर्देश
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
सीसीटीवी और मूलभूत सुविधाओं की होगी जांच
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी मूलभूत सुविधाओं और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच करें। यदि कहीं कोई कमी या गड़बड़ी मिले तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी गाइडलाइन का गहन अध्ययन करने के निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी विशेष नजर
बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी विशेष निर्देश दिए गए। कहा गया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को भीतर ले जाने की अनुमति न दी जाए, जिससे परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन रह सके।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों ने दी जानकारी
बैठक के दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से पहुंचे प्रोफेसरों ने उपस्थित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन से जुड़ी गाइडलाइन और मानकों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।