लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासा, 5 लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; मुख्य साजिशकर्ता समेत 2 गिरफ्तार

0 27

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का पुलिस और एसटीएफ ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते 5 लाख रुपये की सुपारी देकर संदीप सिंह की हत्या कराई गई थी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में लखनऊ निवासी दिनेश कुमार यादव और अंबेडकर नगर निवासी मुकररबीं उर्फ मुबीन शामिल हैं। संदीप सिंह की हत्या के मामले में पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और एसटीएफ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही थी।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

जांच और आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि मुबीन वर्ष 2016 में दिनेश कुमार यादव की गाड़ी चलाता था। इसी दौरान दिनेश और संदीप सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो समय के साथ गहरी दुश्मनी में बदल गया।

पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते संदीप सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। हत्या को अंजाम देने के लिए दो शूटरों को 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। आरोप है कि दिनेश यादव ने 27 मई को वारदात को अंजाम देने का निर्देश दिया था। घटना के बाद शूटरों ने फोन कर उसे हत्या पूरी होने की जानकारी भी दी थी।

मुखबिर की सूचना से खुला पूरा मामला

एसटीएफ को 21 मई को सूचना मिली थी कि पीजीआई हत्याकांड से जुड़ा एक आरोपी डालोना अंडरपास के पास सर्विस लेन पर आने वाला है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मुकररबीं उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान मुबीन ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया और दिनेश कुमार यादव का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया। इसके बाद एसटीएफ ने दिनेश यादव को पूछताछ के लिए मुख्यालय बुलाया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

शूटरों की तलाश में जुटी पुलिस

एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल अन्य आरोपियों और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों की तलाश जारी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.