नई दिल्ली: राज्यसभा की 24 सीटों और विभिन्न राज्यों की विधान परिषद सीटों के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें उम्मीदवारों के चयन से लेकर सहयोगी दलों के साथ सीटों के तालमेल तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विस्तृत मंथन हुआ। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के हिस्से में आने वाली करीब एक दर्जन सीटों के लिए विभिन्न राज्यों से भेजे गए नामों पर विचार किया गया और कई सीटों पर पार्टी ने अपनी रणनीतिक राय भी तय कर ली है।
प्रधानमंत्री आवास पर जुटे पार्टी के शीर्ष नेता
दो घंटे से अधिक समय तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक के दौरान राज्यसभा चुनाव के अलावा महाराष्ट्र और बिहार की विधान परिषद सीटों को लेकर भी चर्चा की गई।
आंध्र प्रदेश में सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर फोकस
बैठक में आंध्र प्रदेश की चार राज्यसभा सीटों को लेकर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, भाजपा एक सीट की दावेदार है, लेकिन पार्टी ने संकेत दिए हैं कि राज्य में प्रमुख सहयोगी दल के नेतृत्व की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि गठबंधन सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय आपसी सहमति के आधार पर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
अमित शाह और पीएम मोदी के बीच हुई अलग बैठक
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बीच अलग से भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के साथ-साथ सहयोगी दलों के साथ राजनीतिक समन्वय पर भी विचार किया गया।
इसके अलावा कुछ राज्यों में संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
इन नेताओं के नाम सबसे आगे
सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए कुछ प्रमुख नेताओं के नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इनमें मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल के दो वरिष्ठ चेहरों जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह बिट्टू को भी राज्यसभा भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।
आज होगी संगठन की अहम बैठक
भाजपा सोमवार को पार्टी मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक भी करने जा रही है। इस बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री शामिल होंगे।
बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और वर्तमान कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न राज्यों की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा भी की जाएगी।
किन राज्यों में हैं राज्यसभा की 24 सीटें?
इस चुनावी दौर में जिन 24 राज्यसभा सीटों पर मतदान होना है, उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की 4-4 सीटें शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान से 3-3 सीटों पर चुनाव होगा। झारखंड में 2 सीटों पर मतदान होना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में 1-1 सीट राज्यसभा चुनाव के दायरे में है।