बीबीएयू में एडमिशन को लेकर बड़ी घोषणा, नए कोर्स और आधुनिक सुविधाओं से छात्रों को मिलेगा फायदा

0 50

लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

छात्रों के हित में शिक्षा और कौशल पर जोर
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा देने की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में कौशल आधारित और वैल्यू एडेड कोर्सों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि छात्र बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार कर सकें।

सितंबर तक तैयार होगा आधुनिक लेक्चर हॉल
विश्वविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिसके सितंबर तक पूरा होने की संभावना जताई गई है। इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

अमेठी परिसर में बड़े विकास कार्य
अमेठी परिसर के विकास के लिए लगभग एक करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस बजट से आईटी सुविधाओं का विस्तार, लाइव लेक्चर की व्यवस्था, आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण, छात्रावासों में सीटों की बढ़ोतरी, 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए सब-स्टेशन की स्थापना, 60 कंप्यूटरों से लैस कंप्यूटर लैब और नए वाटर कूलर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

लखनऊ परिसर को बनाया जाएगा नेट-जीरो कैंपस
कुलपति ने बताया कि लखनऊ परिसर को नेट-जीरो कार्बन कैंपस के रूप में विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। इसके तहत जैव विविधता संरक्षण, कागज और ई-वेस्ट का वैज्ञानिक निपटान, हर्बल गार्डन के व्यावसायिक उपयोग और स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसी योजनाएं लागू की जा रही हैं।

नई तकनीक और रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा
विश्वविद्यालय में हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सुविधाओं की स्थापना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पीजी डिप्लोमा, शोध जर्नल प्रकाशन और उद्योगों के साथ साझेदारी को बढ़ाने की योजना बनाई गई है। साथ ही ओपन और डिस्टेंस लर्निंग प्रोग्राम्स का विस्तार भी किया जाएगा।

एडमिशन प्रक्रिया और कोर्स की जानकारी
एडमिशन सेल के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध स्तर के कई कोर्स संचालित हैं। इनमें सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी दोनों आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से समय पर आवेदन करने की अपील की।

देशभर से मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 55 सीयूईटी-पीजी और 10 नॉन-सीयूईटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। देश के विभिन्न राज्यों से छात्र उत्साह के साथ आवेदन कर रहे हैं, जिससे विश्वविद्यालय को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

विभिन्न विषयों में उपलब्ध हैं कोर्स
विश्वविद्यालय में कला, विज्ञान, प्रबंधन, शिक्षा, विधि और तकनीकी क्षेत्रों में एमए, एमएससी, एमबीए, एमसीए, एमएड, एलएलएम, एमटेक समेत कई कोर्स उपलब्ध हैं, जो छात्रों को बेहतर करियर और शोध के अवसर प्रदान करते हैं।

आवेदन की अंतिम तिथि और शुल्क
सीयूईटी-पीजी कोर्स के लिए आवेदन 14 मई से शुरू होकर 7 जून 2026 तक चलेंगे, जबकि विलंब शुल्क के साथ 13 जून तक आवेदन किया जा सकता है। वहीं नॉन-सीयूईटी कोर्स के लिए आवेदन 25 मई से 24 जून तक होंगे और लेट फीस के साथ 30 जून तक मौका मिलेगा।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 500 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। देरी से आवेदन करने पर सभी श्रेणियों के लिए 1000 रुपये शुल्क लिया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.