जनपद स्तरीय सब-जूनियर खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ, कबड्डी में नई बस्ती और एस.वी.एफ. ने जीता खिताब, खिलाड़ियों ने दिखाया दमदार प्रदर्शन
गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तरीय सब-जूनियर बालक/बालिका खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ गुरुवार को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, गौतमबुद्धनगर में किया गया। यह प्रतियोगिता 04 जून से 06 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, नेटबॉल एवं कुश्ती जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रस्तावित है। पहले दिन विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर बास्केटबॉल और कबड्डी मुकाबलों का सफल आयोजन किया गया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रामाज्ञा स्कूल नोएडा, ड्रिबलिंग ड्रिल्स बास्केटबॉल अकादमी, जीसस एंड मेरी कॉन्वेंट स्कूल, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, नोएडा बास्केटबॉल क्लब, बास्केटबॉल हीरोज, चैंप्स अकादमी और दादरी बास्केटबॉल क्लब की बालक एवं बालिका टीमों ने जोरदार भागीदारी की।

कबड्डी प्रतियोगिता में बालक वर्ग के अंतर्गत चिटहेरा, चचूला, देवला, जे.डी. अकादमी, सद्भावना अकादमी, एच.आर. अकादमी, एस.वी.एफ., मिहिर भोज इंटर कॉलेज, मलकपुर ए, मलकपुर बी, नई बस्ती और जी.आई.सी. की टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं बालिका वर्ग में जे.डी. अकादमी, एस.आर.बी. स्कूल, एच.सी.एल., जी.आई.सी. नोएडा, एस.वी.एफ. और नई बस्ती की टीमों ने मुकाबलों में दमखम दिखाया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली और मास्टर बालचंद नागर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उन्होंने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग के कबड्डी फाइनल मुकाबले में नई बस्ती की टीम ने जे.डी. अकादमी को 17-10 के अंतर से हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में एस.वी.एफ. और मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें एस.वी.एफ. की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर सुमित नागर सहित अन्य खेल प्रशिक्षक, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।