योजनाओं के नाम पर ठगी करने वाले दलालों पर शिकंजा, महिला की शिकायत पर कार्रवाई कर आरोपी गिरफ्तार, प्रशासन सख्त

0 31

गौतमबुद्धनगर: जनपद में सरकारी कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर आम जनता से धनराशि वसूलने वाले दलालों और बिचौलियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के स्तर से की गई जांच में दलाली में संलिप्त पाए जाने पर एक आरोपी के विरुद्ध थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक वृद्ध महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग की गई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और स्वयं शिकायतकर्ता बनकर संबंधित दलाल से दूरभाष पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों से धन ऐंठने में सक्रिय है। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मामले में थाना सूरजपुर में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को अलीगढ़ से जेवर की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि आमजन किसी भी सरकारी कार्य या योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसी दलाल या बिचौलिए के संपर्क में न आएं। सभी आवेदन केवल संबंधित विभागीय कार्यालयों या अधिकृत जन सेवा केंद्रों के माध्यम से ही किए जाएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्य कराने या योजना का लाभ दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग करता है, या कोई सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी रिश्वत मांगता है, अथवा कोई भी बिचौलिया सक्रिय पाया जाता है, तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए।

इसके लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 1202978231, 1202978232, 1202978862 और 1202978702 जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.