मौसम का डबल अटैक! 4 राज्यों में रेड अलर्ट, छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री तय, 5 राज्यों में लू का खतरा बरकरार

0 19

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ उत्तर-पूर्वी राज्यों में मूसलाधार बारिश ने चिंता बढ़ा दी है, तो दूसरी ओर कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं और 23 जून के आसपास इसके छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में आगे बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि लंबे समय से महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में रुका मानसून अब फिर सक्रिय होने जा रहा है। अनुमान है कि 23 जून के आसपास मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी भारत में 25 जून तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

4 राज्यों में रेड अलर्ट, भारी बारिश का खतरा

आईएमडी ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। वहीं सिक्किम और उत्तर बंगाल में भी भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि होने की संभावना है।

5 राज्यों में लू का कहर जारी

बारिश की गतिविधियों के बावजूद देश के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक लू चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तथा तेलंगाना में अगले दो दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गर्म हवाओं का असर महसूस किया जाएगा।

इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विदर्भ में रात के समय भी गर्म हवाओं का असर बने रहने की आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटों के दौरान मेघालय के कुछ इलाकों में असाधारण भारी बारिश दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी वर्षा हुई, जबकि असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा देखने को मिली।

तापमान में कहां होगा बदलाव?

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 22 जून तक अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान फिर 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। महाराष्ट्र में भी शुरुआती दिनों में तापमान स्थिर रहने के बाद धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है। देश के अधिकांश अन्य हिस्सों में 27 जून तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा

बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। वहीं राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना बनी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.