ChatGPT से बदल रही ऑटो ड्राइवर की जिंदगी, रोजमर्रा के कामों में ले रहे AI की मदद

0 16

बेंगलुरु के एक ऑटो ड्राइवर की कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। कंटेंट क्रिएटर गगन साईप्रसाद ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके ऑटो चालक नियमित रूप से ChatGPT का इस्तेमाल करते हैं।

सफर के दौरान बातचीत में ड्राइवर ने बताया कि वह अपने सवाल अंग्रेजी में टाइप करते हैं, लेकिन जवाब कन्नड़ भाषा में प्राप्त करते हैं। उनका कहना था कि ChatGPT पहले पूछे गए सवालों को भी याद रखता है और कई बार पुराने संदर्भों को जोड़कर जवाब देता है। वह इसका उपयोग कामकाज, पारिवारिक मामलों, सामान्य जानकारी और अन्य विषयों पर सलाह लेने के लिए करते हैं।

ड्राइवर ने यह भी बताया कि उन्हें ChatGPT की वॉइस बातचीत और कन्नड़ भाषा में संवाद करने की क्षमता काफी उपयोगी लगती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि ज्योतिष, विशेष रूप से कृष्णमूर्ति पद्धति से जुड़े कुछ सवालों पर उन्हें हमेशा संतोषजनक जवाब नहीं मिलते।

ज्योतिष पर किताब लिखने का सपना

ऑटो चालक का सपना ज्योतिष पर एक किताब लिखने का है। उन्होंने वर्षों से विभिन्न यूट्यूब चैनलों और अन्य स्रोतों से जुटाई गई जानकारियों को पुस्तक के रूप में संकलित करने की इच्छा जताई। फिलहाल वह अपने कर्ज चुकाने पर ध्यान दे रहे हैं और आर्थिक जिम्मेदारियां पूरी होने के बाद इस परियोजना पर काम करना चाहते हैं।

वायरल वीडियो से जुड़ा भावुक पहलू

गगन ने मजाक में उन्हें “ChatGPT ऑटो अंकल” नाम दिया। वीडियो वायरल होने के बाद एक युवती ने गगन से संपर्क कर दावा किया कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति उसके पिता हैं। नंबर की पुष्टि होने पर पता चला कि पिता-पुत्री के बीच लंबे समय से बातचीत कम हो गई थी, लेकिन इस वीडियो ने दोनों को फिर से करीब लाने का काम किया।

दिलचस्प बात यह है कि ऑटो चालक को ChatGPT इस्तेमाल करने की प्रेरणा भी उनकी बेटी ने ही दी थी। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस कहानी की सराहना करते हुए तकनीक सीखने की उनकी जिज्ञासा और सकारात्मक सोच की प्रशंसा की।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.