ग्रामीण परिवार के घर पहुंचे CM मोहन यादव, साथ बैठकर किया भोजन; रात्रि चौपाल में सुनीं गांव की समस्याएं

0 25

बैतूल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुकरू प्रवास के दौरान एक ग्रामीण परिवार के घर पहुंचकर रात्रि भोजन किया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण शानु मंगल भुसुमकर के निवास पर परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर श्रीअन्न से तैयार भोजन ग्रहण किया और स्थानीय संस्कृति, परंपराओं तथा जीवनशैली को करीब से जाना। मुख्यमंत्री के आगमन से ग्रामीण परिवार और आसपास के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल दौरे के दौरान किसी ग्रामीण परिवार के घर भोजन करने का यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और यादगार रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों के स्नेह और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पल जनप्रतिनिधियों को जनता से और करीब जोड़ते हैं।

परिवार से किया संवाद, योजनाओं की जानकारी ली

भोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और उनके जीवन से जुड़े अनुभवों को जाना। इस दौरान स्थानीय खान-पान, संस्कृति और परंपराओं पर भी चर्चा हुई। ग्रामीण शानु मंगल भुसुमकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था, जिसके जरिए उनका पक्का मकान बनाने का सपना पूरा हुआ।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर भी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कुकरू ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने विभिन्न स्थानीय मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की सादगी, आत्मीयता और लोगों का विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा और आशीर्वाद ही किसी भी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत होता है।

ग्रामीणों के स्नेह से अभिभूत दिखे मुख्यमंत्री

चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कुकरू के लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ग्रामीणों का अपनापन उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार गांवों के विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.