छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एरिया की समस्याओं पर डीएम सख्त, एनएच-91 ड्रेनेज देरी पर जताई नाराजगी

0 32

गौतमबुद्धनगर: छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज निर्माण कार्य में हो रही देरी, पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव की समस्या, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता और नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से जुड़े विभिन्न मामलों को प्रमुखता से उठाया।

उद्योग और व्यापार में बाधा बर्दाश्त नहीं होगी: डीएम

जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

एनएच-91 ड्रेनेज कार्य में देरी पर जताई नाराजगी

राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर चल रहे ड्रेनेज कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मामले से शासन और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए ड्रेनेज कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है, इसलिए कार्य में तेजी लाई जाए।

नोएडा प्राधिकरण और पुलिस के साथ समन्वय के निर्देश

बैठक में नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने इन मामलों के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक और व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योग संगठनों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए, ताकि उनकी समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान समय रहते किया जा सके।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.