जेवर में ‘मॉडल पैक्स चौपाल’ का भव्य आयोजन, किसानों को मिली सरकारी योजनाओं और सहकारिता सेवाओं की जानकारी

0 25

गौतमबुद्धनगर: सहकारिता विभाग उत्तर प्रदेश और सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को तहसील जेवर ब्लॉक स्थित बी-पैक्स थोरा में “मॉडल पैक्स चौपाल” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भाग लेकर ग्रामीण विकास और सहकारिता आधारित योजनाओं पर चर्चा की।

सहकारिता विभाग के अधिकारियों की रही मौजूदगी

आयोजित चौपाल में सहायक निबंधक सहकारिता गौतमबुद्धनगर विवेक यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सहायक निबंधक कार्यालय के अधिकारी, पैक्स सचिव, समिति कर्मचारी तथा क्षेत्र के किसान और ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

पुष्पगुच्छ और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से की गई। ग्राम प्रधान भभोकरा यतेंद्र अत्रि, संचालक मंडल के सदस्य शोभा राम एवं विजय तथा समिति सचिव ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

‘मॉडल पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़’

चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विवेक यादव ने कहा कि मॉडल पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि किसानों को बीज, खाद, ऋण, भंडारण, डिजिटल सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील

मुख्य अतिथि ने “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को दोहराते हुए किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), डिजिटल लेनदेन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता संस्थाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

चौपाल में सुनी गईं किसानों की समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा संबंधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा भी दिलाया। इससे किसानों में उत्साह और विश्वास देखने को मिला।

वरिष्ठ किसानों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने क्षेत्र के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग किसानों का माल्यार्पण कर सम्मान किया। कार्यक्रम के अंत में पैक्स प्रबंधक ने सभी अतिथियों, किसानों और उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.