बरुईपुर कांड पर सियासी संग्राम! TMC का दावा- ममता बनर्जी को घर से निकलने से रोका गया, भाजपा ने बताया ‘नाटक’

0 23

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची की कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले ने राज्य की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। एक ओर घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बरुईपुर जाने से रोकने के लिए उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए बरुईपुर जाना चाहती थीं। इसी बीच टीएमसी ने आरोप लगाया कि उनके घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिससे वह बाहर न निकल सकें।

11 वर्षीय बच्ची की मौत से भड़का जनाक्रोश

बरुईपुर के सूर्यापुर हाट इलाके से 11 वर्षीय बच्ची का शव एक बोरे में बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। जानकारी के अनुसार बच्ची एक दिन पहले लापता हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि चार लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए थे।

बच्ची अपने एक दोस्त के जन्मदिन के लिए उपहार खरीदने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में उसका शव बरामद हुआ। मामले में सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आरोपी की पीट-पीटकर हत्या

घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की भी खबर सामने आई। इसी बीच उग्र भीड़ ने एक आरोपी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

TMC का बड़ा आरोप, सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो

तृणमूल कांग्रेस ने देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि ममता बनर्जी को उनके आवास से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनके घर के बाहर भारी सुरक्षा बल और बैरिकेड्स तैनात कर दिए हैं।

टीएमसी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की उनकी मांग जारी रहेगी और पार्टी इस मामले को लेकर पीछे नहीं हटेगी।

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

तृणमूल कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने दावा किया कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को पहले से ही उच्च स्तरीय सुरक्षा प्राप्त है। उनके मुताबिक यदि सुरक्षा कारणों से पुलिस तैनात है तो इसे नजरबंदी बताना पूरी तरह भ्रामक है। भाजपा ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन की ओर से कहीं यह कहा गया है कि ममता बनर्जी घर से बाहर नहीं जा सकतीं।

मुख्यमंत्री ने परिवार को दिया कार्रवाई का भरोसा

इस बीच सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृत बच्ची के पिता से फोन पर बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा और उन्हें सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और अपराध से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.