गौतमबुद्धनगर में संपूर्ण समाधान दिवस: तीनों तहसीलों में पहुंचीं 171 शिकायतें, 13 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
गौतमबुद्धनगर: शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए रविवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 171 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। यहां कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
अधिकारियों को दिए जवाबदेही और संवेदनशीलता के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
आईजीआरएस शिकायतों के शत-प्रतिशत निस्तारण पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जेवर और दादरी तहसील में भी हुई सुनवाई
तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 82 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 6 मामलों का तत्काल समाधान कर दिया गया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रवि शंकर मिश्र, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार सदर अजय कुमार, नायब तहसीलदार ज्योत्सना समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।