गाजियाबाद में भारी बारिश का बड़ा असर, आज नर्सरी से 12वीं तक सभी स्कूल बंद; जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

0 40

गाजियाबाद: लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद प्रशासन ने गुरुवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्सरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी सरकारी, निजी, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 9 जुलाई 2026 को शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। जिलाधिकारी के आदेश के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया।

बारिश से शहर में बिगड़े हालात

लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। विजयनगर क्षेत्र में एनएच-9 पर पानी भर गया, जबकि कई अंडरपास जलमग्न हो गए। प्रमुख सड़कों, बाजारों और अंडरपास में पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जल निकासी के दावों की खुली पोल

मानसून से पहले नगर निगम ने नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा किया था, लेकिन लगातार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। पुराना बस अड्डा, नया बस अड्डा, तहसील परिसर, नंदग्राम स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के सामने, मेरठ रोड, रमतेराम रोड, नवयुग मार्केट, कैला भट्टा, गौशाला फाटक अंडरपास, हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन अंडरपास और मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास जलभराव से प्रभावित रहे। कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिन्हें लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला।

कीचड़ और जाम ने बढ़ाई मुश्किलें

मेरठ रोड पर राजनगर एक्सटेंशन के पास भी सड़क पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। लालकुआं क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगा। विजयनगर में एनएच-9 के कई हिस्सों पर जलभराव के कारण वाहन धीमी गति से चलते रहे। वहीं, सड़क निर्माण कार्य के चलते कई इलाकों में कीचड़ फैल गया, जिससे दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरते भी दिखाई दिए।

तापमान में गिरावट, लेकिन यातायात बेहाल

लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली और तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सुबह से देर रात तक रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण शहर के व्यस्त मार्गों पर लंबा जाम लगा रहा। कई प्रमुख सड़कों पर वाहन घंटों रेंगते नजर आए।

बस डिपो और मेट्रो स्टेशनों के आसपास भी जलभराव

कौशांबी बस डिपो में पानी भरने से यात्रियों को बसों तक पहुंचने के लिए पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। फिसलन के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी हुई। जीटी रोड पर मेजर मोहित शर्मा मेट्रो स्टेशन, राजबाग मेट्रो स्टेशन और शहीद नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे भी जलभराव के चलते यातायात प्रभावित रहा। वैशाली सेक्टर-4, सेक्टर-5, गुरुद्वारा रोड और काला पत्थर रोड सहित कई क्षेत्रों की सड़कें भी पानी में डूबी रहीं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.