दिल्ली में मूसलाधार बारिश का कहर, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट; अगले दो घंटे बेहद भारी बारिश की चेतावनी

0 36

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुरुवार सुबह से राजधानी के अधिकांश इलाकों में लगातार बारिश जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत तो मिली है, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग ने पहले जारी येलो अलर्ट को बढ़ाकर रेड अलर्ट कर दिया है और अगले दो घंटे के दौरान अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

बारिश के लगातार जारी रहने और मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने पूरे दिल्ली क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है। विभाग का कहना है कि राजधानी में अगले कुछ घंटों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे पहले बुधवार से ही दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर हल्की से तेज बारिश होती रही।

तापमान में आई बड़ी गिरावट

लगातार बारिश का असर राजधानी के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। सफदरजंग मौसम केंद्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे रहा। आयानगर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.3 डिग्री कम रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 84 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा।

फील लाइक तापमान 33.6 डिग्री रहा

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम राजधानी का वास्तविक तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 100 प्रतिशत और हवा की गति 3.7 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इन परिस्थितियों के चलते महसूस किया जाने वाला तापमान यानी फील लाइक तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

36 घंटे में नजफगढ़ में 169 मिमी बारिश

राजधानी के नजफगढ़ इलाके में बीते 36 घंटों के दौरान 169 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को यहां 85 मिमी और बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 84 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं पूसा क्षेत्र में बुधवार को 41 मिमी बारिश हुई, जबकि पिछले 36 घंटों में यहां कुल 85.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बारिश से हवा हुई सबसे साफ

लगातार हो रही बारिश का असर राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी सकारात्मक रूप से देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 59 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह सूचकांक 113 था। महज 24 घंटे में इसमें 54 अंकों का सुधार दर्ज किया गया और यह इस वर्ष का सबसे स्वच्छ स्तर माना गया। विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक वायु गुणवत्ता इसी श्रेणी में बनी रह सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.