O Level और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, पिछड़ा वर्ग के युवाओं को मिला बड़ा मौका

0 39

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। अब इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण संस्थाएं 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए यह योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत भारत सरकार की अधिकृत संस्था राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नीलिट) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे संशोधित करते हुए अब 20 जुलाई 2026 कर दिया गया है। इससे इच्छुक संस्थाओं को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।

योजना के तहत आवेदन करने की इच्छुक संस्थाएं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक अथवा निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया, दिशा-निर्देश और विस्तृत समय-सारणी संबंधित वेबसाइटों पर उपलब्ध करा दी गई है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र संस्थाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से शुरू की जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.