औद्योगिक विकास को रफ्तार देने की तैयारी! डीएम ने उद्योगपतियों के साथ की अहम बैठक, बिजली-पानी से लेकर सड़कों तक समस्याओं के समाधान के निर्देश

0 20

गौतमबुद्धनगर: जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, निवेश संवर्धन और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इसमें अनियोजित विद्युत कटौती, जल कनेक्शन एवं जलापूर्ति की दिक्कतें, जलापूर्ति के बिलों के न्यायोचित निस्तारण, जलभराव, ड्रेनेज व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण, जीएसटी और सीजीएसटी नोटिसों से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों के साथ ही संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बैठक आयोजित किए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।

समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का संज्ञान लेते हुए कहा कि जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से स्थायी और गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाए।

संयुक्त निरीक्षण कर प्राथमिकता पर होगा निस्तारण

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं का चिन्हांकन किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनके त्वरित निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर औद्योगिक गतिविधियों को गति दी जाए, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।

अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उद्योगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.