CM योगी ने मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का किया अनावरण, बोले- बीकापुर के विकास में नहीं आने देंगे कोई कमी
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुन्ना सिंह चौहान ने सामान्य परिवार से निकलकर अपने संघर्ष और कार्यों के दम पर अलग पहचान बनाई तथा किसानों और सिंचाई व्यवस्था के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुन्ना सिंह चौहान की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य अमित सिंह चौहान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह बीकापुर के विकास और डबल इंजन सरकार के विजन को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जो भी समस्याएं उनके सामने लाई जाएंगी, उनका समाधान कराया जाएगा।
बच्चों से की मुलाकात, उपहार भी दिए
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर-वीरांगनाओं और महापुरुषों की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनसे संवाद भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाथ में सेब लेकर भगत सिंह की वेशभूषा में मौजूद एक बच्चे से मुस्कुराते हुए पूछा कि यह आलू है क्या? इस पर बच्चों ने जवाब दिया कि यह सेब है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट और उपहार भी वितरित किए।
नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों को गोद में लेकर उन्हें चंदन लगाया और अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने विभिन्न वर्गों के बच्चों को खिलौने भेंट किए और उनसे आत्मीयता के साथ बातचीत की।
भगवान शिव के मंदिर में किया दर्शन-पूजन
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भगवान शिव के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अनुराधा दुबे और अंजू को 11 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया। वर्षा को विद्युत सखी के तहत थर्मल प्रिंटर, किरण और पूजा सिंह को विद्याशक्ति किट, अनिता पाल को बैंक सखी प्रमाणपत्र दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सोनी मौर्या और पिंकी को आवास की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अवनीश मिश्र को 4.18 लाख रुपये तथा अमित गौतम को 3 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी शिवपूजन को प्रशस्ति पत्र, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पंकज कुमार और विकास को टूलकिट, आलोक कुमार वर्मा और अशोक कुमार को उर्वरा वर्मी कम्पोस्ट खाद तथा रीता सिंह और महावीर सिंह को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।