गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र को 758 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 697 करोड़ 49 हजार रुपये की लागत से तैयार पांच सड़कों का लोकार्पण और 60 करोड़ 63 लाख 96 हजार रुपये की लागत वाली 19 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
शनिवार दोपहर बाद बांसस्थान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री 11.6 किलोमीटर लंबे भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग का लोकार्पण करेंगे। इस फोरलेन के निर्माण पर 689 करोड़ 35 लाख 33 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसे जिले की प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं में शामिल माना जा रहा है।
भटहट-बांसस्थान फोरलेन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
भटहट-बांसस्थान फोरलेन बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंच भी पहले से अधिक आसान होगी। उम्मीद है कि बेहतर सड़क संपर्क से आयुष पद्धति के उपचार के लिए आने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
आयुष विश्वविद्यालय का भी करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगे और समीक्षा बैठक भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित पुरुष और महिला छात्रावास का लोकार्पण भी संभावित है। पुरुष छात्रावास का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में रखा गया है, जबकि महिला छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया है।
इन प्रमुख सड़कों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें 11.6 किलोमीटर लंबा भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग सबसे प्रमुख है। इसके अलावा चकजलाल-घोड़ादेउर होते हुए तरकुलही हनुमान मंदिर तक संपर्क मार्ग, हाफिजनगर द्वितीय संपर्क मार्ग, पिपराइच-बरगदही मार्ग से सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामसभा फुलवरिया बड़ा टोला छपिया रजवाहा नहर पुल तक सीसी रोड का लोकार्पण भी किया जाएगा।
19 विकास कार्यों की रखेंगे आधारशिला
मुख्यमंत्री सड़क और पर्यटन विकास से जुड़ी 19 परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें भरवलिया से एकला (टेराकोटा उद्योग रिसर्च सेंटर) मार्ग, गुलरिहा रामनगर से एकला ग्राम तक सड़क चौड़ीकरण, सरैया-बांसस्थान मार्ग का सुदृढ़ीकरण, सिरसिया स्थित महादेव कुंड का पर्यटन विकास, बूढ़ाडीह में समय माता मंदिर का विकास, औरंगाबाद ग्रामीण पर्यटन परियोजना सहित विभिन्न गांवों में सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण और सड़क लेपन जैसे कार्य शामिल हैं।