आरव हत्याकांड में फांसी की सजा पर भावुक हुई मां, बोलीं- ‘मेरे बेटे को जैसी पीड़ा दी, वैसी ही सजा मिले’; परिवार ने कहा- न्याय की जीत हुई

0 23

फिरोजाबाद: डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या के मामले में दोषी विराज को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद पीड़ित परिवार ने फैसले का स्वागत किया। आरव की मां और ननिहाल पक्ष ने अदालत के निर्णय को न्याय की जीत बताते हुए कहा कि दोषी को उसके अपराध की सजा मिली है। वहीं, गांव के लोगों ने भी फैसले की सराहना करते हुए न्यायपालिका और कानून व्यवस्था पर अपना भरोसा जताया।

फैसले की जानकारी मिलते ही आरव की मां रति भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके बेटे को तड़पा-तड़पाकर मारा गया, दोषी को भी अपने अपराध की सजा मिलनी चाहिए।

फोन पर मिली सजा की खबर, भावुक हुई मां

बताया गया कि आरव की मां रति स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण सजा सुनाए जाने के समय अरांव क्षेत्र के ग्राम बामई स्थित अपने घर पर थीं। दोपहर करीब पौने तीन बजे उन्हें फोन पर दोषी को फांसी की सजा सुनाए जाने की जानकारी मिली। खबर सुनते ही वह रो पड़ीं और कहा कि बेटे की मौत के बाद उनके मन में यही एक इच्छा थी, जिसे अदालत के फैसले ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि अब दोषी को फांसी की सजा मिलने के बाद ही उन्हें पूरी संतुष्टि मिलेगी।

उच्च न्यायालय में संभावित अपील के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और आगे भी न्याय मिलेगा।

नानी बोलीं- दोषी को भी सजा मिलते देखना चाहती हूं

आरव की नानी पिंकी शर्मा ने भी अदालत के फैसले पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि दोषी विराज ने उनके विश्वास को तोड़ा और उसे फांसी की सजा मिलनी ही चाहिए थी। यदि वह फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय जाता है तो वहां भी पूरे मजबूती से पैरवी की जाएगी। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि वह दोषी को उसके अपराध की सजा मिलते देखना चाहती हैं।

ग्रामीणों ने फैसले का किया स्वागत

गांव के लोगों ने भी अदालत के फैसले को न्याय व्यवस्था में विश्वास बढ़ाने वाला बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के जघन्य अपराधों में कड़ी सजा समाज के लिए एक मजबूत संदेश है और इससे कानून के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।

कई ग्रामीणों ने पुलिस और न्यायपालिका की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस फैसले से स्पष्ट हो गया है कि गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ कानून सख्ती से कार्रवाई करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे निर्णय भविष्य में अपराधियों के लिए कड़ा संदेश साबित होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.