नई दिल्ली: आम मरीजों को दवाओं की मनमानी कीमतों से राहत देने के लिए नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (एनपीपीए) ने बड़ा फैसला लिया है। ड्रग्स (प्राइसेस कंट्रोल) ऑर्डर (डीपीसीओ) 2013 के तहत 39 नई दवा फॉर्मूलेशन की अधिकतम खुदरा कीमतें तय कर दी गई हैं। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, एचआईवी, आंखों के संक्रमण और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं। इस कदम का उद्देश्य मरीजों को जरूरी दवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है।
फार्मास्युटिकल्स विभाग ने 8 जुलाई 2026 को मूल्य अधिसूचना जारी करते हुए डीपीसीओ 2013 के पैरा 5, 11 और 15 के तहत इन कीमतों को अधिसूचित किया है। यह आदेश पहले से बाजार में उपलब्ध दवाओं के दाम घटाने के लिए नहीं, बल्कि नई दवा फॉर्मूलेशन की अधिकतम खुदरा कीमत निर्धारित करने के लिए जारी किया गया है। तय कीमतों पर लागू वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अलग से लिया जाएगा।
ब्लड प्रेशर, हार्ट और डायबिटीज की कई दवाएं सूची में शामिल
एनपीपीए की सूची के अनुसार हाई ब्लड प्रेशर के इलाज में उपयोग होने वाली Amlodipine + Bisoprolol + Telmisartan टैबलेट की खुदरा कीमत 14.74 रुपये प्रति टैबलेट तय की गई है। आंखों की सर्जरी के बाद और बैक्टीरिया संक्रमण के उपचार में इस्तेमाल होने वाले Nepafenac + Moxifloxacin Ophthalmic Solution की कीमत 68.64 रुपये प्रति मिलीलीटर निर्धारित की गई है।
वहीं हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को कम करने के लिए दी जाने वाली Clopidogrel + Aspirin + Atorvastatin कैप्सूल की कीमत 6.37 रुपये प्रति कैप्सूल तय की गई है। सूची में डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाओं को भी शामिल किया गया है। इनमें Dapagliflozin, Empagliflozin, Sitagliptin, Metformin, Glimepiride और Voglibose आधारित दवाएं शामिल हैं।
एचआईवी, कैंसर और संक्रमण की दवाओं की कीमत भी तय
एनपीपीए ने संक्रमण के इलाज में उपयोग होने वाली Amoxicillin + Clavulanate टैबलेट और डिस्पर्सिबल टैबलेट, ग्लूकोमा के उपचार में इस्तेमाल होने वाली आई ड्रॉप, एचआईवी थेरेपी किट, विटामिन डी3 ओरल सॉल्यूशन और कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाले Imatinib Oral Solution की खुदरा कीमतें भी निर्धारित कर दी हैं।
सूची में सबसे महंगी दवाओं में Tenecteplase (TNK-tPA) Injection 50 mg भी शामिल है। हार्ट अटैक के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इस इंजेक्शन की खुदरा कीमत 60,238.27 रुपये प्रति वायल तय की गई है।
दवा दुकानों पर प्राइस लिस्ट लगाना होगा अनिवार्य
एनपीपीए ने स्पष्ट किया है कि सभी रिटेलर और डीलर निर्माता कंपनियों द्वारा जारी प्राइस लिस्ट और सप्लीमेंट्री प्राइस लिस्ट को अपनी दुकान पर ऐसी जगह प्रदर्शित करेंगे, जहां ग्राहक आसानी से उसे देख सकें। यह व्यवस्था डीपीसीओ 2013 के पैरा 24(4) के तहत अनिवार्य है।
नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई
अधिसूचना में साफ कहा गया है कि यदि कोई निर्माता या मार्केटिंग कंपनी निर्धारित खुदरा कीमत का पालन नहीं करती है, तो उसे अधिक वसूली गई राशि सरकार के पास जमा करनी होगी। एनपीपीए के अनुसार डीपीसीओ 2013 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत कंपनियों से अतिरिक्त वसूली गई रकम ब्याज सहित जमा कराई जाएगी।