नोएडा: उत्तर प्रदेश सरकार के वर्ष 2026-27 के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ अभियान के तहत प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के अंतर्गत नोएडा विकास प्राधिकरण को 2,90,677 पौधे लगाने का लक्ष्य सौंपा गया था। अभियान के दौरान प्राधिकरण ने लक्ष्य से अधिक 2,94,000 पौधों का रोपण कर उपलब्धि दर्ज की। अभियान में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’, ‘मिशन छाया एक्सप्रेस-वे’ और ‘भाई-बहन वृक्षारोपण’ जैसे विशेष कार्यक्रमों के तहत भी पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सेक्टर-14ए में नोएडा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक कुमार ने अशोक का पौधा लगाकर की। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूनेश, यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (उद्यान) ए.के. अरोड़ा, निदेशक (उद्यान) आनंद मोहन सिंह सहित उद्यान, सिविल, विद्युत, यांत्रिकी और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने निभाई सक्रिय भूमिका
सेक्टर-32 में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, जिला अध्यक्ष महेश, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा तथा आवासीय कल्याण समितियों के पदाधिकारियों ने पौधे लगाए। इस दौरान सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, संविदाकारों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने अभियान में भागीदारी निभाई।
नोएडा के कई प्रमुख क्षेत्रों में हुआ व्यापक पौधारोपण
उद्यान विभाग ने सेक्टर-14ए, सेक्टर-63 ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-115 एफएनजी मार्ग, सेक्टर-39, 40, 80, 81, 82 बस टर्मिनल, सेक्टर-91, 92, सेक्टर-94 स्थित जापानी पार्क, सेक्टर-130 से 137 तथा सेक्टर-162 से 166 तक एक्सप्रेस-वे के आसपास पार्कों, हरित पट्टियों और सड़क किनारे बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया।
इन क्षेत्रों में टिकोमा, बोगनवेलिया, कैलेंड्रा, टेबेबिया, कुसुम, जकरेंडा, अमलतास, कचनार, गुलमोहर, चंपा, फ्लोसरजनी, पापड़ी, मौलश्री, नीम, पुत्रजीवा, पिलखन सहित अमरूद, जामुन और शहतूत जैसे फलदार पौधों का रोपण किया गया।
हरित अभियान के लिए निशुल्क बांटे गए पौधे
प्राधिकरण ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और शहर की हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए पौधों का निशुल्क वितरण भी कराया। उद्यान विभाग ने 9 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच खंड स्तर पर पौधों का वितरण कर नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।
प्राधिकरण के अनुसार, प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।