जिला पंचायत का कार्यकाल पूरा होते ही बड़ा फैसला, अमित कुमार बने गौतमबुद्धनगर जिला पंचायत के प्रशासक

0 23

गौतमबुद्धनगर: जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर के निर्वाचित बोर्ड का पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश शासन ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। पंचायतीराज अनुभाग-2 द्वारा जारी शासनादेश के तहत आगामी जिला पंचायत सामान्य निर्वाचन संपन्न होने अथवा शासन द्वारा निर्धारित अवधि तक के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष अमित कुमार को जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर का प्रशासक नियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी ने अमित कुमार को विधिवत प्रशासक का कार्यभार ग्रहण कराया। वहीं, जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी ने नियमानुसार कार्यभार ग्रहण से जुड़ी सभी प्रशासनिक और वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कराईं।

कार्यभार संभालते ही विकास कार्यों को दी प्राथमिकता

प्रशासक का कार्यभार संभालने के बाद अमित कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके अनुरूप वह पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से संचालित सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की निरंतरता बनाए रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने, स्वच्छ एवं उत्तरदायी प्रशासन सुनिश्चित करने और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि विकास कार्यों की गति लगातार बनी रहे।

जिला पंचायत प्रशासन ने जताया भरोसा

जिला पंचायत प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नए प्रशासक के नेतृत्व में विकास कार्यों की रफ्तार बनी रहेगी। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

यह जानकारी जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर की अपर मुख्य अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी ने दी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.