किसान दिवस में उठीं किसानों की समस्याएं, पीएम किसान योजना, फार्मर रजिस्ट्री और कृषि यंत्रीकरण पर अधिकारियों ने दी अहम जानकारी

0 27

गौतमबुद्धनगर: शासन और जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत जनपद में प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस का आयोजन इस बार विकास भवन स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने की। इस दौरान किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

फार्मर रजिस्ट्री और पीएम किसान योजना पर किया गया जागरूक

किसान दिवस के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और कृषि यंत्रीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किस्त हस्तांतरण में आ रही समस्याओं के कारणों से भी अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कई किसानों द्वारा सेल्फ रजिस्ट्रेशन के दौरान कृषि भूमि का विवरण सही तरीके से दर्ज नहीं किए जाने के कारण किस्त हस्तांतरण में दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे किसानों को जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ‘अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन’ विकल्प का उपयोग कर अपनी भूमि का विवरण संशोधित और अद्यतन कराने की सलाह दी गई।

सॉइल हेल्थ कार्ड के अनुसार खाद के उपयोग पर दिया गया जोर

कार्यक्रम में किसानों को यह भी बताया गया कि फसलों में उर्वरकों का उपयोग सॉइल हेल्थ कार्ड की सिफारिशों के आधार पर ही किया जाना चाहिए। इससे भूमि की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ उत्पादन में भी सुधार संभव है।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद, समस्याओं का हुआ मौके पर समाधान

किसान दिवस में सिंचाई, ऊर्जा, कृषि, उद्यान, मत्स्य, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन सहित कृषि उत्पादन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने उपस्थित किसानों, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस के सफल आयोजन की घोषणा की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.