नोएडा में सीवर सफाई के दौरान बड़ा हादसा, सफाईमित्र की मौत के बाद प्राधिकरण का सख्त एक्शन, ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश
नोएडा: सेक्टर-93बी और ग्राम गेझा के पास टी-पॉइंट पर गहरी सीवर लाइन की सफाई के दौरान एक सफाईमित्र की मौत हो गई। घटना 14 जुलाई 2026 को जलखण्ड तृतीय के कार्यक्षेत्र में हुई। हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने, उसे काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू करने और विभागीय अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा उपकरणों के साथ कर रहे थे सफाई कार्य
प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक सफाईमित्र का नाम शिवा था। वह गहरी सीवर लाइन की सफाई के दौरान सेफ्टी बेल्ट, ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ मेनहोल में उतरकर ब्लॉकेज हटाने का कार्य कर रहे थे।
सफाई के दौरान कुछ समय बाद जब फील्ड स्टाफ ने उन्हें ऊपर खींचने का प्रयास किया तो वह मेनहोल के अंदर मौजूद तारों में फंस गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम की मदद से तत्काल बचाव अभियान चलाया गया और उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
प्राधिकरण के अनुसार, अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सफाईमित्र शिवा को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई और तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की गई।
ठेकेदार पर मुकदमा, ब्लैकलिस्ट की प्रक्रिया शुरू
प्राधिकरण ने बताया कि सीवर सफाई का कार्य संविदाकार एम/एस शिवजी कंस्ट्रक्शंस कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था। घटना के बाद संबंधित संविदाकार के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने और उसे काली सूची में शामिल करने के लिए नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों पर भी गिरी कार्रवाई की गाज
प्राधिकरण ने मामले में संबंधित अवर अभियंता (संविदा) राकेश कुमार की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा संबंधित प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की गई है।
मृतक परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा
नोएडा प्राधिकरण ने कहा है कि इस घटना में मृतक सफाईमित्र के परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।