बैंकों को जिलाधिकारी की सख्त हिदायत, लंबित ऋण आवेदनों का करें त्वरित निस्तारण, सीडी रेशियो बढ़ाने के दिए निर्देश

0 26

गौतमबुद्धनगर: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और जिला समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित आवेदनों और उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को पात्र लाभार्थियों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में तेजी लाने पर जोर

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों के ऋण आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बैंक शाखाओं ने अब तक 15 से कम ऋण आवेदन स्वीकृत किए हैं, उनकी सूचना शासन को भी उपलब्ध कराई जाए।

सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश

बैठक में सीडी रेशियो की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और जिला समन्वयकों को ऋण वितरण में तेजी लाने तथा भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के अनुरूप जनपद का सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का प्रदर्शन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं होगा, उनके साथ अलग से समीक्षा बैठक की जाएगी।

पीएम सूर्य घर योजना के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के तहत प्राप्त सभी पात्र आवेदनों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंक और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।

स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर मिले बैंकिंग सुविधाएं

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते प्राथमिकता के आधार पर खोलने और आवश्यकता के अनुसार ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बैंक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करें।

पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों ने लिया बैठक में हिस्सा

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशीष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक, बैंक प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.