‘अगर दोषी हूं तो जान देने को भी तैयार’… 5 साल बाद राज कुंद्रा का बड़ा बयान, 63 दिन की जेल को बताया जिंदगी का सबसे डरावना दौर

0 24

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा ने साल 2021 के चर्चित अश्लील सामग्री मामले को लेकर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। पांच साल से चल रहे इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज कुंद्रा ने कहा कि यदि वह दोषी साबित होते हैं तो हर सजा स्वीकार करेंगे, यहां तक कि अपनी जान देने के लिए भी तैयार हैं। वहीं यदि उन्होंने कोई गलती नहीं की है तो उन्हें क्लीन चिट मिलनी चाहिए।

राज कुंद्रा पर वर्ष 2021 में मोबाइल ऐप्स के जरिए कथित तौर पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने के गंभीर आरोप लगे थे। मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई थी और उन्हें 63 दिनों तक जेल में रहना पड़ा था।

‘अगर गलती की है तो सजा दीजिए, नहीं तो क्लीन चिट’

राज कुंद्रा ने कहा कि वह चाहते हैं कि इस मामले का जल्द से जल्द अंत हो। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों में वह अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जो खुलकर कह रहे हैं कि अगर उन्होंने कोई गलत काम किया है तो उन्हें सजा दी जाए और मामला हमेशा के लिए खत्म किया जाए। वहीं यदि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है तो उन्हें क्लीन चिट दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से इस मुकदमे का सामना कर रहे हैं और यदि दोषी पाए गए तो अपनी जान देने तक के लिए तैयार हैं।

गिरफ्तारी के बाद बंद कर दिए थे कारोबार

राज कुंद्रा ने अपने कठिन दौर को याद करते हुए बताया कि गिरफ्तारी के बाद उन्होंने और शिल्पा शेट्टी ने अपने कई कारोबार बंद करने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स समेत कई क्षेत्रों में उनका निवेश था। इसके अलावा उन्होंने होम शॉपिंग सेंटर और बेटे के नाम पर वियान इंडस्ट्रीज नाम की टेक्नोलॉजी कंपनी भी शुरू की थी।

उन्होंने बताया कि इन सभी कारोबारों से करीब 4000 लोगों की आजीविका जुड़ी हुई थी, लेकिन परिस्थितियों के चलते उन्हें इन्हें बंद करना पड़ा।

63 दिन की जेल को बताया सबसे कठिन समय

राज कुंद्रा ने कहा कि आर्थर रोड जेल में बिताए गए 63 दिन उनकी जिंदगी के सबसे भयावह दिन थे। उन्होंने बताया कि उस दौरान हालात इतने मुश्किल थे कि उन्हें यह तक नहीं पता होता था कि अगली सुबह देख पाएंगे या नहीं।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी जिंदगी के उस दौर को बदलना नहीं चाहेंगे, क्योंकि उन्हीं दिनों ने उन्हें यह समझाया कि उनके सच्चे अपने कौन हैं और कौन नहीं।

2009 में हुई थी शिल्पा शेट्टी से शादी

राज कुंद्रा ब्रिटिश-भारतीय कारोबारी हैं और उन्होंने वर्ष 2009 में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से शादी की थी। वर्ष 2012 में दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ, जबकि साल 2020 में सरोगेसी के जरिए उन्होंने अपनी बेटी का स्वागत किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.