पश्चिमी यूपी को 3200 करोड़ की विकास सौगात, आज से दो दिन के दौरे पर सीएम योगी; 5 जिलों में करेंगे बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

0 12

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच जिलों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 3200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को शामली, बिजनौर और गाजियाबाद का दौरा करेंगे, जबकि शनिवार को अमरोहा और संभल में विकास योजनाओं की सौगात देंगे। गाजियाबाद में मुख्यमंत्री पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के सुरक्षित और सुचारु आयोजन को लेकर शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।

शामली में 581 करोड़ से अधिक की 89 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से सीधे शामली पहुंचेंगे। यहां वह शामली, कैराना और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 581 करोड़ रुपये से अधिक की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कैराना में राज्य कर विभाग के कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय तथा थानाभवन में राजकीय महिला आईटीआई सहित कई परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी।

बिजनौर और चांदपुर को मिलेंगी 1003 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं

इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। साथ ही रामबाग रोड स्थित कल्याण मंडपम के निर्माण कार्य का उद्घाटन और विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

गाजियाबाद में 868 करोड़ से अधिक की 90 परियोजनाओं की सौगात

शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह तेजपाल त्यागी कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज, मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

मुख्यमंत्री 47वीं वाहिनी पीएसी में 200 क्षमता वाली बैरक तथा 100 और 150 जवानों के लिए दो नई बैरकों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा विभिन्न पेयजल योजनाओं का उद्घाटन और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन तथा पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

शनिवार को अमरोहा और संभल में 752 करोड़ की योजनाओं का तोहफा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को अमरोहा और संभल का दौरा करेंगे। अमरोहा में वह 182.92 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद संभल में 568.99 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे अमरोहा स्थित वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और कार्यक्रम के बाद संभल रवाना होंगे। संभल में वह इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन के निकट आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए दोनों जिलों में प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.