आज मौसम का डबल अटैक! 7 चक्रवाती सिस्टम एक साथ सक्रिय, IMD का 16 से ज्यादा राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; 2 इलाकों में रेड वॉर्निंग

0 20

नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार 18 जुलाई के लिए देश के बड़े हिस्से में भारी से अत्यंत भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय वायुमंडल में सात प्रमुख चक्रवाती और ट्रफ प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं, जिसके चलते 16 से अधिक राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने दो क्षेत्रों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया है।

एक साथ सक्रिय हैं 7 बड़ी मौसमी प्रणालियां

आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, पश्चिमी गांगेय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और अगले 24 घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।

इसके अलावा मानसून की अक्षीय रेखा अमृतसर, करनाल, बरेली, लखनऊ, पटना, उत्तरी झारखंड, पश्चिमी गांगेय पश्चिम बंगाल और डायमंड हार्बर से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।

उत्तरी हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, दक्षिण तमिलनाडु से सटी मन्नार की खाड़ी और उत्तरी केरल के ऊपर अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। वहीं उत्तरी लक्षद्वीप क्षेत्र से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ रेखा भी बनी हुई है। उत्तर-पाकिस्तान के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हुआ है, लेकिन उसकी ट्रफ अभी भी प्रभावी बनी हुई है।

इन 2 क्षेत्रों में जारी हुआ रेड अलर्ट

आईएमडी ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में बाढ़, जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई है।

इन 4 राज्यों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, असम-मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश दर्ज होने की संभावना है।

बिहार, यूपी और एमपी समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

आईएमडी के अनुसार बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, केरल एवं माहे, कर्नाटक, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों में आज भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तेज आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी

मौसम विभाग ने तेलंगाना में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार, गांगेय पश्चिम बंगाल, विदर्भ, तटीय कर्नाटक, केरल एवं माहे, रायलसीमा, अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, असम-मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में उमस से राहत नहीं

जहां देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा, वहीं दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कई इलाकों में शनिवार को भी गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने से उमसभरा मौसम बना रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.