मॉनसून का कहर: दिल्ली में बारिश से बदला मौसम, हिमाचल-उत्तराखंड में रेड अलर्ट; 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

0 100

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। लगातार हो रही बारिश से जहां कई राज्यों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 20 जुलाई को 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले छह से सात दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में सुबह बारिश, आंधी-तूफान के भी आसार

सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली। इससे पहले रविवार रात राजधानी में जुलाई के महीने की पिछले पांच वर्षों की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में कई दिनों तक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 20 से 25 जुलाई तक राज्यभर में बारिश होने की संभावना है। 20 से 22 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 23 से 25 जुलाई के दौरान कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत लगभग सभी जिलों में 20 और 21 जुलाई को व्यापक बारिश का अनुमान है। इसके बाद 21 से 24 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में भी बारिश का दौर, बंगाल में भूस्खलन का खतरा

राजस्थान में 20 से 25 जुलाई तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। पूर्वी राजस्थान में 20 से 25 जुलाई और पश्चिमी राजस्थान में 21 से 24 जुलाई के बीच भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। विशेष रूप से जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में रेड अलर्ट, स्कूल बंद

हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश को देखते हुए दो दिनों का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सिरमौर, कांगड़ा और चंबा जिलों में एहतियात के तौर पर सोमवार को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। चंबा जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते मणिमहेश यात्रा पर अगले तीन दिनों के लिए रोक लगा दी गई है।

उत्तराखंड में भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। देहरादून और टिहरी गढ़वाल में खराब मौसम को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश से बिगड़े हालात

जम्मू-कश्मीर के पुंछ और उधमपुर में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदी-नाले उफान पर हैं और रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कुछ स्थानों पर पुल क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 20 से 23 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का अनुमान जताया है, जबकि 20 से 22 जुलाई के बीच भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.