कटिहार रेलवे स्टेशन पर गन पॉइंट पर लूट का दावा, युवक से एटीएम से निकलवाए 76 हजार रुपये; जांच में जुटी रेल पुलिस

0 34

कटिहार: बिहार के कटिहार जंक्शन से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जाने पहुंचे एक युवक ने आरोप लगाया है कि दो बदमाशों ने उसे गन पॉइंट पर बंधक बनाकर एटीएम से 76 हजार रुपये निकलवाए। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और स्टेशन व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

राजधानी ट्रेन पकड़ने पहुंचा था युवक

पीड़ित मोहम्मद रेजान आजमनगर का रहने वाला है। वह सुबह राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जाने के लिए कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचा था। युवक का आरोप है कि स्टेशन पहुंचते ही दो लोगों ने उसे हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया और स्टेशन परिसर से बाहर ले गए।

एटीएम से 76 हजार रुपये निकलवाने का आरोप

युवक के मुताबिक बदमाश उसे एटीएम तक ले गए, जहां उससे उसके बैंक खाते से करीब 76 हजार रुपये निकलवाए गए। आरोप है कि इस दौरान विरोध करने या शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी गई। रुपये निकलवाने के बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

परिजनों ने बताई पूरी घटना

पीड़ित के बड़े भाई परवेज ने बताया कि रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद रेजान ने परिवार के कई सदस्यों से फोन कर अपने खाते में पैसे मंगवाए थे। उसने अपने बड़े भाई से 20 हजार रुपये, जीजा से 20 हजार रुपये और एक दोस्त से 35 हजार रुपये की मांग की थी। जब परिजनों ने पैसे की जरूरत पूछी तो उसने किसी को भुगतान करने की बात कही। कुछ देर बाद उसने घबराई हुई आवाज में फोन कर बताया कि दो लोग उसे बंदूक दिखाकर एटीएम तक ले गए और खाते से रुपये निकलवाने के बाद मोबाइल तथा नकदी लेकर फरार हो गए।

रेल पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस सक्रिय हो गई। रेल डीएसपी ए.के. एकेला ने जांच की कमान संभाल ली है। पुलिस स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। डीएसपी का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पूरी जांच के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कटिहार जंक्शन को हाई सिक्योरिटी रेलवे स्टेशनों में गिना जाता है। ऐसे में यदि किसी यात्री को स्टेशन परिसर से बाहर ले जाकर हथियार के बल पर एटीएम से रुपये निकलवाए गए हैं तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले की सच्चाई सामने आएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.