PM YASASVI Scholarship 2026: OBC, EBC और DNT छात्रों के लिए बड़ा मौका, 31 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
गौतमबुद्धनगर: शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए ओबीसी (OBC), ईबीसी (EBC) और डीएनटी (DNT) वर्ग के छात्रों के लिए पीएम यशस्वी टॉप क्लास एजूकेशन इन कॉलेज स्कॉलरशिप योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि पात्र छात्र 31 अगस्त 2026 तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
31 अगस्त तक भरें आवेदन, सरकार ने जारी किया शेड्यूल
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा योजना के लिए आवेदन और सत्यापन का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया गया है। इसके तहत नए और नवीनीकरण (Renewal) दोनों प्रकार के छात्र 1 जून 2026 से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
सत्यापन की भी तय हुई समय-सीमा
योजना के तहत शिक्षण संस्थानों को आवेदन पत्रों का सत्यापन 15 सितंबर 2026 तक पूरा करना होगा। इसके बाद मंत्रालय स्तर पर अंतिम सत्यापन की प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।
शिक्षण संस्थानों को दिए गए आवश्यक निर्देश
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि उन्हें आवंटित स्लॉट (सीटों) के अनुसार पात्र छात्रों के आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र छात्र योजना के लाभ से वंचित न रहे।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी छात्रवृत्ति योजना
पीएम यशस्वी टॉप क्लास एजूकेशन इन कॉलेज स्कॉलरशिप योजना का उद्देश्य ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी वर्ग के पात्र छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत योग्य छात्र ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।