31 जुलाई तक करें आवेदन, मत्स्य विभाग की कई योजनाओं का मिलेगा लाभ; मत्स्य पालकों के लिए बड़ा मौका

0 49

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं में आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सहायक मत्स्य निरीक्षक हरीशंकर त्रिपाठी ने बताया कि इच्छुक मत्स्य पालक और पात्र आवेदक 31 जुलाई 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ही स्वीकार किए जाएंगे।

इन योजनाओं का मिलेगा लाभ

मत्स्य विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के तहत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना के अंतर्गत श्रेणी-1, 2 और 3 के जलाशय वाले जनपदों में केज स्थापना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना और विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना समेत कई योजनाओं में आवेदन किए जा सकते हैं।

वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी

विभाग ने बताया कि सभी योजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवेदन के साथ लगाए जाने वाले आवश्यक दस्तावेज विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इच्छुक आवेदक आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ सकते हैं।

पुराने आवेदक भी कर सकते हैं दोबारा आवेदन

मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है, तो संशोधित नियम ही प्रभावी होंगे। इसके अलावा जिन आवेदनों को पिछले वर्षों में निरस्त कर दिया गया था या जो अभी तक प्रतीक्षारत हैं, ऐसे आवेदक भी दोबारा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

यहां से मिल सकती है अधिक जानकारी

योजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, कक्ष संख्या-305, द्वितीय तल, विकास भवन, गौतमबुद्धनगर में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.