‘पेपर लीक पर सख्त एक्शन’… PM मोदी का बड़ा ऐलान, फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा; राहुल गांधी ने दिया जवाब

0 13

नई दिल्ली: पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह बड़ा बयान जारी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों को जल्द और कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, प्रधानमंत्री के इस बयान पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

PM मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक पोस्ट में कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभागों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सबसे अधिक नुकसान मौजूदा सरकार ने पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर होने दिया गया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को संरक्षण मिला। राहुल गांधी ने छात्रों की तीन प्रमुख मांगें दोहराईं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए, छात्रों से माफी मांगी जाए और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने के दिए संकेत

इधर, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भी अपने अनशन को समाप्त करने के संकेत दिए हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उनसे मुलाकात की थी। सरकार की ओर से शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों के लिए कदम उठाने का भरोसा दिए जाने के बाद सोनम वांगचुक ने अस्पताल से जारी वीडियो संदेश में कहा कि यदि सरकार छात्रों पर बल प्रयोग रोकने और दर्ज मुकदमे वापस लेने का आश्वासन देती है तो वह अपना अनशन समाप्त करने पर विचार कर सकते हैं।

संसद में भी होगी पेपर लीक पर चर्चा

सरकार ने इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की भी तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में पेपर लीक मामले पर चर्चा कराने का भरोसा देते हुए विपक्ष को दिन और समय तय करने का अधिकार देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह केवल राजनीतिक आरोप लगा रहे हैं और गैर-भाजपा शासित राज्यों में सामने आए पेपर लीक मामलों पर सवाल नहीं उठाते।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.