शादी की खुशियां पलभर में मातम बनीं! बारातियों से भरी कार तालाब में गिरी, 5 की दर्दनाक मौत, 2 ने बचाई जान

0 11

ढेंकानाल: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बारातियों से भरी एक महिंद्रा एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में पांच बारातियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, बांगुरसिंह गांव निवासी अभिषेक साहू की शादी ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के इंदुपुर गांव निवासी रोहित कुमार पृष्टि की बेटी से तय हुई थी। बारात बांगुरसिंह से कई वाहनों के साथ इंदुपुर के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान रात के समय बारातियों से भरी एक कार रास्ते में अनियंत्रित होकर बांध के पास स्थित तालाब में जा गिरी। कार के पानी में डूब जाने से उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में पांच बारातियों की गई जान

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बांगुरसिंह गांव के 25 वर्षीय राम साहू, 26 वर्षीय अविनाश साहू, 25 वर्षीय राकेश कुमार साहू, 27 वर्षीय चंद्रकांत स्वाईं और दूल्हे की मौसी के बेटे अभिजीत साहू के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर ढेंकानाल सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया।

चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी दुर्वासा साहू के मुताबिक, बाराती बांगुरसिंह से इंदुपुर जा रहे थे। छाटिया के पास एक मोड़ के निकट स्थित तालाब में कार अचानक जा गिरी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने और अन्य लोगों ने तालाब में उतरकर कार में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से दो लोग किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि कार का दरवाजा लॉक हो जाने के कारण बाकी पांच लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे के बाद बांगुरसिंह और इंदुपुर दोनों गांवों में मातम का माहौल है। जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब गहरा शोक पसरा हुआ है। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और शादी की खुशियां कुछ ही क्षणों में गम में बदल गईं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.