गंभीर बीमारियों के इलाज को लेकर CM योगी का बड़ा भरोसा, बोले- पैसों की कमी से नहीं रुकेगा किसी जरूरतमंद का उपचार

0 23

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों के इलाज में हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि पैसे के अभाव में किसी भी व्यक्ति का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की सुनी समस्याएं

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द से जल्द समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान पूरी तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।

पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसे समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी संवाद के जरिए समाधान का प्रयास करने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता देगी सरकार

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज में आने वाले खर्च का जल्द आकलन कराया जाए, ताकि सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज के लिए किसी भी पात्र व्यक्ति को परेशान न होना पड़े। इसके लिए उन्होंने जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.