यूपी विधानसभा मानसून सत्र से पहले सपा का हंगामा, पोस्टर-बैनर और दान पेटी के साथ सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

0 26

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर-बैनर और दान पेटी लेकर पहुंचे विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान राम मंदिर दान चोरी, नीट पेपर लीक, आरक्षण समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की गई।

सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन

मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के विधायक बड़ी संख्या में विधानसभा परिसर पहुंचे और विभिन्न मुद्दों पर विरोध जताया। कुछ विधायक हाथों में पोस्टर-बैनर लिए दिखाई दिए, जबकि कुछ दान पेटी लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है।

पहले दिन शोक प्रस्ताव, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट

विधानसभा के पहले दिन निजामाबाद (आजमगढ़) से समाजवादी पार्टी के विधायक आलम बदी के निधन पर शोक प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी। 4 अगस्त को सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश करेगी। सरकार का कहना है कि यह बजट आवश्यक वित्तीय और विकास संबंधी कार्यों के लिए लाया जा रहा है।

चार दिन का होगा मानसून सत्र

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मानसून सत्र 6 अगस्त तक चलेगा। 4 अगस्त को औपचारिक कार्यवाही के साथ अध्यादेश सदन में रखे जाएंगे और कुछ विधेयकों का प्रस्तुतीकरण होगा। उसी दिन दोपहर 12:20 बजे अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। 5 अगस्त को विधायी कार्य होंगे, जबकि 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा कराई जाएगी। माना जा रहा है कि इसी दिन मुख्यमंत्री सदन में सरकार का पक्ष रखेंगे।

राम मंदिर दान और पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी

समाजवादी पार्टी ने संकेत दिए हैं कि पूरे सत्र के दौरान राम मंदिर दान चोरी, पेपर लीक, आरक्षण और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। विपक्ष की रणनीति सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह सरकार को घेरने की है।

पहली बार विधानसभा में होगा ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन

मानसून सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक में सत्र की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार विधानसभा में ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक संवाद का सर्वोच्च मंच है और सभी दलों के सहयोग से ही इसकी कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित हो सकती है।

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सहयोग से ही सदन का संचालन प्रभावी ढंग से संभव है और सभी दलों ने शांतिपूर्ण तरीके से कार्यवाही चलाने का आश्वासन दिया है।

सत्र के दौरान इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध

विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें लालबत्ती चौराहा से बंदरियाबाग चौराहा, बंदरियाबाग से गोल्फ क्लब और पार्क रोड होते हुए सिविल अस्पताल चौराहा, सिविल अस्पताल से अटल चौक और मेफेयर तिराहा होते हुए नावेल्टी चौराहा, नावेल्टी से आईटीएमएस चौराहा होते हुए बर्लिंग्टन चौराहा, बर्लिंग्टन से सदर कैंट पुल होते हुए उदयगंज तिराहा तथा उदयगंज तिराहा से अब्दुल हमीद चौराहा होते हुए लालबत्ती चौराहा तक के मार्ग शामिल हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.