ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, चिप फैक्ट्री में आग बुझाते समय दीवार गिरी; 2 दमकल कर्मियों की मौत, 3 घायल

0 30

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान कंपनी परिसर की एक दीवार और लोहे की भारी बीम अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आकर पांच दमकल कर्मी घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो दमकल कर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है।

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। घंटों तक चले राहत अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया और आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोक दिया गया।

दीवार और लोहे की बीम गिरने से हुआ हादसा

आग बुझाने के दौरान कंपनी परिसर की एक साइड की दीवार और लोहे की भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन रोहित यादव, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस और अन्य कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान दो दमकल कर्मियों ने तोड़ा दम

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में उपचार के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य किया गया। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। कंपनी की मशीनों, विद्युत व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी। कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले दोनों दमकल कर्मियों की मौत से फायर विभाग और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.