छात्रवृत्ति पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की आखिरी तारीख 10 अगस्त, लापरवाही पर प्रधानाचार्यों की तय होगी जवाबदेही
गौतमबुद्धनगर: पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पात्र विद्यार्थियों का डाटा छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपलोड और सबमिट करने को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। संबंधित विद्यालयों को 10 अगस्त 2026 तक छात्रवृत्ति संबंधी डाटा अनिवार्य रूप से पोर्टल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयसीमा में डाटा अपलोड नहीं करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मास्टर डाटा की जांच में सामने आए निष्क्रिय और डुप्लीकेट विद्यालय
जिला समाज कल्याण अधिकारी, गौतमबुद्धनगर की ओर से पूर्वदशम कक्षा 9-10 और दशमोत्तर कक्षा 11-12 छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत जिले में संचालित विद्यालयों के मास्टर डाटा का परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि पोर्टल पर कई ऐसे विद्यालय दर्ज हैं, जो वर्तमान में बंद हो चुके हैं। इसके अलावा कुछ विद्यालयों के एक से अधिक डुप्लीकेट लॉगिन भी बने हुए हैं।
पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के मास्टर डाटा में जिले के कुल 175 विद्यालय प्रदर्शित हो रहे हैं, जबकि इनमें करीब 60 विद्यालय ही वर्तमान में सक्रिय पाए गए हैं। इसी तरह दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में 133 विद्यालय दर्ज हैं, लेकिन करीब 55 विद्यालय ही सक्रिय मिले हैं।
निष्क्रिय और डुप्लीकेट डाटा हटाने की कार्रवाई शुरू
जिन विद्यालयों के निष्क्रिय या डुप्लीकेट होने की जानकारी सामने आई है, उनका सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद ऐसे विद्यालयों को मास्टर डाटा से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ विद्यालयों ने छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पात्र छात्र-छात्राओं का आवश्यक डाटा अभी तक पोर्टल पर सबमिट नहीं किया है।
डाटा जमा नहीं होने से छात्रों को छात्रवृत्ति मिलने में हो सकती है देरी
विभाग ने निर्धारित समयसीमा में विद्यार्थियों का डाटा उपलब्ध नहीं कराने को गंभीर मामला माना है। अधिकारियों के मुताबिक, विद्यालयों की ओर से समय पर डाटा सबमिट नहीं किए जाने से पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिलने में देरी हो सकती है। इसका असर जिले की योजनागत प्रगति पर भी पड़ सकता है।
10 अगस्त तक सत्यापन कर पोर्टल पर डाटा सबमिट करने के निर्देश
जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों को निर्देश दिया है कि संलग्न सूची के अनुसार छात्रवृत्ति संबंधी डाटा का तत्काल सत्यापन कराया जाए। निष्क्रिय और डुप्लीकेट छात्रवृत्ति डाटा को 10 अगस्त 2026 को कार्यालय जिला समाज कल्याण में पोर्टल पर सबमिट करना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही जिन विद्यालयों की ओर से निर्धारित समयसीमा के बावजूद छात्रवृत्ति संबंधी डाटा पोर्टल पर सबमिट नहीं किया गया है, उनके प्रधानाचार्य या प्रधानाध्यापक की जवाबदेही तय की जाएगी।
लापरवाही पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विद्यालय की लापरवाही के कारण पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।