गोरखपुर में आज दिखेगा तिरंगे का जोश, CM योगी करेंगे भव्य यात्रा की अगुवाई; इन रास्तों से गुजरेगा कारवां

0 25

गोरखपुर: स्वतंत्रता दिवस के उत्सव और राष्ट्रभक्ति की भावना के बीच सोमवार को शहर की सड़कों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा महानगर इकाई की ओर से आयोजित इस यात्रा की अगुवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ता और युवा राष्ट्र प्रथम, एकता और अखंडता का संदेश देते नजर आएंगे।

रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से शुरू होगी यात्रा

तिरंगा यात्रा सुबह नौ बजे नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से शुरू होगी। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माल्यार्पण और पुष्पार्चन कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद यात्रा टाउनहाल, गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचेगी।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि देंगे सीएम योगी

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। टाउनहाल चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बाद गोलघर काली मंदिर में दर्शन-पूजन किया जाएगा। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा।

यात्रा यातायात तिराहा पहुंचेगी, जहां डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ेगी यात्रा

तिरंगा यात्रा को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से मुख्यमंत्री लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति के उत्सव के रूप में मनाने की अपील करेंगे। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में गोरखपुर की यह यात्रा अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

16 जगहों पर होगा भव्य स्वागत

यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा मार्ग पर सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से 16 प्रमुख स्थानों पर मुख्यमंत्री और यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया जाएगा। इससे शहर में जगह-जगह उत्सव जैसा माहौल नजर आने की संभावना है।

भाजपा कार्यालय में हुई तैयारियों की समीक्षा

तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए रविवार को बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

बैठक में यात्रा के मार्ग, स्वागत स्थलों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। होटल शिवाय, कचहरी चौक, कृपाल वस्त्रालय, जलकल गोलघर, गांधी आश्रम, बलदेव प्लाजा, गणेश चौराहा, नेशनल मेडिकल स्टोर्स, काली माता मंदिर, साइबर थाना, पुलिस लाइन तिराहा और यातायात चौराहा समेत 16 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.