गोरखपुर में CM योगी की समीक्षा बैठक, बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी रखने के निर्देश; मंदिरों और कांवड़ मार्ग की सफाई पर जोर

0 20

गोरखपुर: तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की विकास परियोजनाओं, बाढ़ बचाव और सावन की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के साथ बांधों की नियमित निगरानी करने और संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने को कहा।

शिवालयों और मंदिरों में सफाई पर विशेष जोर

सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के शिवालयों और मंदिरों में विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ यात्रा के मार्गों पर भी स्वच्छता समेत श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। मंदिरों के आसपास सफाई और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को आवागमन के दौरान परेशानी न हो।

विकास परियोजनाओं की प्रगति पर सीएम ने मांगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की एक-एक कर प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि राजघाट से हार्बर्ट बांध होते हुए डोमिनगढ़ तक निर्माणाधीन फोरलेन और पांडेयहाता से धर्मशाला तक विरासत गलियारे का काम इसी महीने पूरा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं को जल्द पूरा कर उनके लोकार्पण की तैयारी करने को कहा।

कई सड़कों और फोरलेन परियोजनाओं की समयसीमा तय

नौसढ़-पैडलेगंज सिक्सलेन, एचएन सिंह चौराहा से गोरखनाथ तक फोरलेन और स्पोर्ट्स कॉलेज से करीमनगर होते हुए फर्टिलाइजर तक फोरलेन का काम अक्टूबर में पूरा होने की संभावना है। चार फाटक-असुरन फोरलेन को अगले महीने और गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्ट्रेट और एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। वहीं, रामगढ़ताल के किनारे मोहद्दीपुर से सहारा एस्टेट तक रिंग रोड का काम दो महीने में पूरा होने की उम्मीद है।

परियोजनाओं में देरी पर सीएम ने जताई सख्ती

मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। गीडा में भूखंडों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया।

नगर निगम को शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के साथ जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्वतंत्रता दिवस और तिरंगा यात्रा की तैयारियां भी परखी

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने के निर्देश देते हुए प्रमुख चौराहों, सरकारी इमारतों और कार्यालयों को सजाने को कहा। साथ ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया जाए। बैठक में एडीजी, कमिश्नर, डीआईजी, जिलाधिकारी, जीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त समेत जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.