पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी सौगात, दिल्ली और बांद्रा के लिए चलेंगी 2 अमृत भारत एक्सप्रेस; जानें रूट और पूरा टाइमटेबल
गोरखपुर: पूर्वांचल के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के बांद्रा टर्मिनस के लिए दो अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने दोनों ट्रेनों को सप्ताह में एक दिन चलाने की अनुमति दी है। यात्रियों की मांग बढ़ने पर इनके फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दोनों ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली मंजूरी
गोरखपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को 15095/15096 नंबर दिया गया है। वहीं गोरखपुर से बांद्रा के बीच चलने वाली ट्रेन 15085/15086 नंबर से संचालित होगी। निदेशक कोचिंग, रेलवे बोर्ड संजय आर नीलम ने सोमवार को दोनों ट्रेनों के संचालन को लेकर मंजूरी का पत्र जारी किया।
फिलहाल रेलवे बोर्ड ने प्रयोग के तौर पर दोनों ट्रेनों को सप्ताह में एक दिन चलाने की अनुमति दी है। यात्रियों की मांग और प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में इनके फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।
बिहार से चलकर गोरखपुर के रास्ते फिलहाल चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें लखनऊ के रास्ते आनंद विहार से दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल है। रेलवे बोर्ड भविष्य में 24 और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने की तैयारी में है। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से तीन ट्रेनें लखनऊ के रास्ते संचालित की जाएंगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस में मिलेंगी ये सुविधाएं
अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इन ट्रेनों में वातानुकूलित डिब्बे नहीं होंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। आपात स्थिति में टॉक-बैक सिस्टम के जरिए यात्री सीधे लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे।
ट्रेन में वैक्यूम बायो टॉयलेट और आरामदायक सीटों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। 22 कोच वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में एक साथ 1834 यात्री सफर कर सकेंगे। इन ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
गोरखपुर-बांद्रा ट्रेन का रूट और टाइमिंग
गोरखपुर से बांद्रा जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन संख्या 15085 खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर, टुंडला, आगरा फोर्ट, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, मंडी, शामगढ़, रतलाम, बड़ोदरा, सूरत, वलसाड़, वापी, पालघर और बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी।
यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार सुबह 7:50 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और अगले दिन शाम 6 बजे बांद्रा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15086 प्रत्येक शनिवार रात 9:20 बजे बांद्रा से रवाना होगी और सोमवार सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर-दिल्ली ट्रेन का पूरा टाइमटेबल
गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15095 प्रत्येक गुरुवार रात 10:45 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 12:50 बजे यह ट्रेन दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 15096 शुक्रवार को दोपहर 2 बजे दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहरेगी।
गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत में बढ़ेंगे कोच
इसी बीच गोरखपुर से लखनऊ होते हुए प्रयागराज जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को भी लेकर अहम जानकारी सामने आई है। इस ट्रेन को जल्द ही 22 कोच के साथ संचालित करने की तैयारी है। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए सहमति दे दी है और संभावना है कि नई रेक जल्द गोरखपुर पहुंच जाएगी।
वंदे भारत में छह कोच बढ़ाए जाने के बाद करीब 400 अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे। नई व्यवस्था में चार एग्जीक्यूटिव कोच और 18 एसी चेयर कार कोच होंगे। फिलहाल ट्रेन में दो एग्जीक्यूटिव और 12 एसी चेयर कार कोच की व्यवस्था है।