नोएडा में शादी के एक महीने बाद 16वीं मंजिल से गिरी नवविवाहिता, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

0 53

नोएडा: सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम एक नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। महिला की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है।

16वीं मंजिल से गिरने के बाद अस्पताल ले गए परिजन

पुलिस के अनुसार, कामिनी सोसाइटी के लिली टावर स्थित फ्लैट नंबर 1602 में अपने पति मंथन धीमान के साथ किराये पर रहती थी। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उसने कथित तौर पर 16वीं मंजिल से छलांग लगा दी।

घटना के बाद परिजन उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

11 जुलाई को हुई थी शादी

कामिनी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के एटा की रहने वाली थी, जबकि उसका पति मंथन धीमान देहरादून का निवासी है। दोनों की शादी 11 जुलाई को हुई थी और शादी के बाद से वे नोएडा की इसी सोसाइटी में किराये के फ्लैट में रह रहे थे।

कामिनी पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। मंथन एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।

मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूछताछ में मंथन ने पुलिस को बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से अवसाद में थी और उसका इलाज चल रहा था। हालांकि पुलिस ने जब इलाज से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह तत्काल कोई कागजात उपलब्ध नहीं करा सका। अब पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मायके वालों ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले भी नोएडा पहुंचे। परिजनों ने उसके पति मंथन पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कामिनी की मौत को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुलिस के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

एक अन्य महिला ने पति समेत पांच पर दर्ज कराया मुकदमा

उधर, नोएडा सेक्टर-121 की एक सोसाइटी में रहने वाली एक अन्य महिला ने अपने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला की शिकायत पर फेज-3 थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2018 में गर्भवती होने के बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद भी पति के व्यवहार में सुधार नहीं आया। आरोप है कि पति आए दिन परिजनों के बहकावे में आकर उसके साथ मारपीट करता था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.