UP Weather: लखनऊ में छाए रहेंगे बादल, पश्चिमी-पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार; 21% कम हुई मानसूनी बारिश

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने का अनुमान है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में भी बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

लखनऊ में 35 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। इसके बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

राज्य के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा तापमान

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। लखीमपुर खीरी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। फतेहपुर में 36.2, बस्ती में 36, उरई में 35.2, अयोध्या में 35 और वाराणसी बीएचयू में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के कारण अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई।

यूपी में सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश

उत्तर प्रदेश में एक जून से 10 अगस्त तक कुल 341.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 430.9 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

सोमवार को भी प्रदेश में औसत बारिश 3.4 मिलीमीटर रही, जबकि सामान्य औसत 7.4 मिलीमीटर है। इस तरह सोमवार को सामान्य से 53 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।

पश्चिमी यूपी में भी सामान्य से कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औसतन 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इस क्षेत्र में सामान्य बारिश 7.4 मिलीमीटर मानी जाती है, यानी पश्चिमी यूपी में भी बारिश सामान्य से 22 प्रतिशत कम रही।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्थिति और कमजोर रही। यहां सोमवार को औसत बारिश केवल 1.8 मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 7.5 मिलीमीटर होती है। इस तरह पूर्वी यूपी में सोमवार की बारिश सामान्य से 76 प्रतिशत कम रही।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.