सेक्टर-164 में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, 342 लाख रुपये से बनेगी सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज

0 137

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-164 को प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कुल 72 औद्योगिक भूखंड नियोजित किए गए हैं। क्षेत्र में बेहतर आवागमन और कनेक्टिविटी के लिए सेक्टर-163 और 164 के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है।

वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से दुर्घटना का बना था खतरा

निर्मित मार्ग पर फिलहाल केंद्रीय डिवाइडर नहीं होने के कारण वाहनों के एक लेन से दूसरी लेन में अनियंत्रित तरीके से जाने की स्थिति बनी रहती थी। इससे सड़क पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय औद्योगिक संस्थानों की मांग और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इस मार्ग पर सर्विस लेन और केंद्रीय डिवाइडर बनाने के निर्देश दिए हैं।

342.40 लाख रुपये की धनराशि से होगा निर्माण

परियोजना के लिए 342.40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत मार्ग के दोनों ओर 3.50 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए 90 सेंटीमीटर ऊंचा केंद्रीय डिवाइडर भी तैयार किया जाएगा।

टेंडर प्रक्रिया पूरी, कार्य हो चुका है आवंटित

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्माण कार्य आवंटित किया जा चुका है। निर्धारित योजना के मुताबिक अगले छह महीने में सर्विस लेन और केंद्रीय डिवाइडर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

उद्यमियों और कामगारों को मिलेगा सुरक्षित आवागमन

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सेक्टर-164 के औद्योगिक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में आने-जाने वाले उद्यमियों, कर्मचारियों और दैनिक कामगारों को अधिक सुगम, निर्बाध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही वाहनों के अनियंत्रित लेन परिवर्तन से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम करने में मदद मिलेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.